मऊ। थाना कोतवाली नगर के सहादतपुरा निवासी अर्चना पांडेय की शिकायत और विधान परिषद सद्भाव समिति की संस्तुति पर पुलिस ने रविवार की रात देवेंद्र कुमार मिश्र और 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि देवेंद्र कुमार मिश्र के बेटे विपिन कुमार मिश्र पीसीएस अधिकारी हैं, जिनके दबाव में आकर अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ की और उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा दिलवाया। डीएम और एसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अर्चना ने समिति के समक्ष प्रार्थनापत्र सौंपकर प्रशासनिक लापरवाही और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे। परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा देने की मांग की थी।
प्राथमिकी के अनुसार, अर्चना पांडेय का परिवार पिछले 50 वर्षों से सहादतपुरा स्थित पशु अस्पताल के पीछे आवास में रहता है। आरोप है कि बीते 1 जून की दोपहर लगभग 1:30 बजे देवेंद्र कुमार मिश्र 20 लोगों के साथ हथियारों, लोहे की रॉड, हथौड़ों और फावड़ों से लैस होकर अर्चना पांडेय के घर पहुंचे। इन लोगों ने घर की चहारदीवारी और मुख्य द्वार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध पर अर्चना पांडेय और उनके पति अरुण कुमार पांडेय के साथ मारपीट की। पति अरुण कुमार पांडेय के हाथ से सोने की ब्रेसलेट छीन ले गए, जो सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। इसके बाद वह अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचीं। सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी, डीएम, आईजीआरएस पोर्टल और सदर उपजिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि तत्कालीन सदर उपजिलाधिकारी ने सहायता करने के बजाय धमकाते हुए पूरा मकान बुलडोजर से गिराने की बात कही।
कम सर्किल रेट दिखाकर जमीन बेचने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, देवेंद्र कुमार मिश्र ने जिस जमीन पर कब्जा किया है, वह नॉन जेड ए श्रेणी की जमीन है, जिसे बिना कब्जे के हस्तांतरित नहीं किया जा सकता। मात्र 3 लाख रुपये देकर 30 लाख रुपये की मालियत दिखाकर जमीन की अवैध तरीके से लिखा पढ़ी कराई गई है। इससे राज्य के राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया गया है। पीसीएस अधिकारी विपिन कुमार मिश्र वर्तमान में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत हैं वह बीते जून महीने में मऊ आए और स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर हेरफेर कराया है।
समिति की संस्तुति पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है। इसमें महिला द्वारा अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कराया जाएगा। किस तरह की जमीन का मामला है, इसकी भी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। - आनंदवर्धन, जिलाधिकारी मऊ।
पीडि़त महिला और देवेंद्र कुमार मिश्र के बीच जमीन का विवाद है। आरोप और विधान परिषद समिति की संस्तुति पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सर्वेश कुमार मिश्र, एसपी, मऊ।