स्थानीय थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद निवासी वीरेंद्र कुमार पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और धमकी देने के आरोप में धीरेंद्र कुमार पांडेय तथा मयंक पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर के अनुसार शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पड़ोसी धीरेंद्र पांडेय और उसका पुत्र मयंक पांडेय उनके घर के बाहर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर के गेट पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों घर में घुस गए और वीरेंद्र पांडेय की मां इंदू पांडेय तथा बेटी अपूर्वा पांडेय के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी गांव छोड़ने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।