कोपागंज थाना के दोस्तपुरा निवासी इंदू गुप्ता की शिकायत व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कूटरचित दस्तावेज के सहारे डिग्री लेने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम पिता और नेवी जवान समेत दो भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि नेवी जवान संचित कुमार और उसके भाई दिव्यांश ने अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर चार साल के अंतराल में दो अलग अलग स्कूलों से हाईस्कूल की परीक्षा पास की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने विधिवत विभागीय जांच कराई और जांच में पाया कि संचित और दिव्यांश ने फर्जी अभिलेख तैयार कर अपनी फर्जी जन्मतिथि अंकित कराई है। प्राथमिकी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी निवासी राजेश कुमार गुप्ता, इंदू गुप्ता के पति के भाई हैं।
आरोप है कि राजेश के बड़े बेटे संचित कुमार गुप्ता ने वर्ष 2010 में केंद्रीय विद्यालय मऊ से हाईस्कूल की परीक्षा पास की। वहां उसने अपनी जन्मतिथि 9 अप्रैल 1995 दिखाई थी।
संचित कुमार गुप्ता ने वर्ष 2014 में दोबारा डॉ. राममनोहर लोहिया इंटर कॉलेज इटौरा मऊ से हाईस्कूल की परीक्षा पास की। यहां उसने कूटरचित अभिलेखों के सहारे फर्जी जन्मतिथि 8 दिसंबर 1997 दर्ज कराई थी।
ऐसा इसलिए किया कि भविष्य में नौकरी मिलने पर सेवाकाल का समय बढ़ जायेगा। वो इस समय भारतीय नेवी में तैनात है। इसी तरह संचित के छोटे भाई दिव्यांश कुमार गुप्ता ने केंद्रीय विद्यालय मऊ से वर्ष 2018 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की।
उसने वहां अपनी जन्मतिथि 3 जून 2002 दर्ज कराई और पुनः उसने वर्ष 2021 में डॉ. राममनोहर लोहिया इंटर कॉलेज इटौरा मऊ से हाईस्कूल की परीक्षा पास की।
दूसरी बार उसने अपनी फर्जी जन्मतिथि 3 जून 2005 दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।