मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के सादीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात फर्जी सहायक अध्यापिका शीला सिंह के खिलाफ खंड शिक्षा अधिकारी ने रानीपुर थाने में तहरीर दी। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। इससे शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति है।
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार शिक्षिका शीला सिंह रानीपुर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर की निवासी है। पति मुन्ना सिंह की मौत के बाद शीला की मृतक आश्रित कोटे से 26 मई 2007 में प्राथमिक विद्यालय चाल्हा स्थित प्राथमिक विद्यालय में अप्रशिक्षित अध्यापक पद पर नियुक्ति थी। इस समय सादीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पर तैनात थी।
शिकायतकर्ता ने शिकायत किया कि शीला सिंह की नौकरी में लगी स्नातक की मार्कशीट फर्जी है। मामले में बीएसए से जांच करने पर शिक्षिका की स्नातक की मार्कशीट फर्जी मिली। सत्यापन रिपोर्ट सामने आने के बाद शिक्षिका शीला सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए 20 जून को बीएसए कार्यालय बुलाया गया था। लेकिन मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी।
शिक्षिका के बीए के अंकपत्र कूटरचित मिलने पर बीएसए ओपी त्रिपाठी ने मृतक आश्रित कोटे से तैनात शिक्षिका शीला सिंह को सोमवार को बर्खास्त कर उनके खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए रानीपुर के बीईओ अशोक गौतम को निर्देश दिया। बीईओ रानीपुर ने बताया कि फर्जी शिक्षिका शीला सिंह के खिलाफ रानीपुर थाने में तहरीर दी गई है।