कसारा गांव निवासी ममता राय की शिकायत और कोर्ट के आदेश पर भाजपा नेता सूरज राय सहित पांच लोगों के विरुद्ध रविवार रात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोप है कि इन लोगों ने ममता राय और उनके बेटे अंकित राय को रास्ते में घेरकर मारपीट की। शिकायत करने पर पुलिस ने सूरज राय के दबाव में आकर उनके बेटे और उनके पक्ष में बोलने वाले गांव के अन्य लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर दी।
प्राथमिकी के अनुसार, बीते 10 मई की सुबह करीब 9:30 बजे ममता राय अपने बेटे अंकित राय के साथ अपने मायके आजमगढ़ जिले के सियरहा से लौट रही थीं।
इंदारा बाजार के पहले पुरानी रंजिश को लेकर कसारा निवासी कैबिनेट मंत्री के करीबी सूरज राय, उसका भाई नीरज राय, अभिषेक यादव और इंदारा निवासी आशीष सिंह व नितिश सिंह ने उनकी बाइक रोक ली। गाली देते हुए बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया।
घटना की सूचना उसी दिन कोपागंज थाने और बाद में 13 मई को पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री डाक से दी गई, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना कर जल्द ही रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी।