घोसी कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। एसपी और इंटेलिजेंस लखनऊ के निर्देश पर हुई जांच के बाद पुलिस ने अमजदी रोड बड़ागांव निवासी मोहम्मद यूसुफ के खिलाफ बुधवार शाम प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी पर पहचान और व्यक्तिगत विवरण में बदलाव कर दूसरा पासपोर्ट बनवाने का आरोप है।
उपनिरीक्षक अशोक कुमार की तहरीर के अनुसार, मोहम्मद यूसुफ ने वर्ष 2018 में पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। इसके बाद 30 मई 2018 को उसका पहला पासपोर्ट जारी हुआ था, जिसकी वैधता 29 मई 2028 तक है। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 15 अगस्त 1995, पिता का नाम मोजिब अशरफ और माता का नाम अंजुम आरा दर्ज है।