नगर क्षेत्र के बढुआ गोदाम में शनिवार की सुबह युवाओं ने नेशनल हाईवे गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर पड़ गए गड्ढों को श्रमदान कर पाटा।
उनके इस कार्य की वहां से गुजरने वाले और अन्य लोगों ने काफी प्रशंसा की। इसी दौरान उधर से गुजर रहे सांसद हरिनारायण राजभर ने वहां रुककर युवाओं से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की बात कही।
शनिवार को बढुआ गोदाम पर रामकृष्ण सिंह के नेतृत्व में सुनील यादव, मनोज सिंह, सुजीत गुप्ता सहित करीब 6 की संख्या में युवा फरसा और अन्य उपकरण लेकर पहुंचे।
उन्होंने वहां पर मौजूद पांच गढ्ढो को सड़क के किनारे मौजूद ईट और मिट्टी से पाटने का कार्य शुरु किया। करीब पांच घंटे के श्रमदान के बाद युवाओं ने पूरे गड्ढे को पाट दिया। वहीं, इस कार्य के दौरान वहां से सांसद हरिनारायण राजभर भी जा रहे थे। उन्होंने वहां रुक कर युवाओं से जल्द ही सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।