नगर में मिशन शक्ति के तहत निकली जागरूकता रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मी। स्रोत- स्वयं
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलेभर में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान का भव्य आगाज हुआ। थाना कोतवाली नगर सहित सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने अपने क्षेत्र के स्कूल कॉलेज की बालिकाओं के साथ जागरूकता रैलियां निकालीं। छोटी बालिकाओं को गुड टच, बैड टच की पहचान कराने के साथ बाल अधिकारों और समस्या आने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर पंफलेट बांटकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला उत्पीड़न, लैंगिक अपराधों से बचाव, साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं, मिशन शक्ति केंद्रों से मिलने वाली सहायता और परामर्श के बारे में बताया गया। किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या छेड़खानी की स्थिति में बिना भय पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित करते हुए महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सहायता 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई।