डीएलएड दूसरे सेमेस्टर की आंशिक, बैक पेपर 2026 की परीक्षा सोमवार को दो पालियों में नगर सहित जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई। दो पालियों की परीक्षा में पंजीकृत 1171 में से 960 प्रशिक्षु शामिल हुए। 211 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर कड़ी जांच के बाद प्रशिक्षुओं को परीक्षा कक्ष में भेजा गया।
जिले में डायट सहित 95 मान्यता प्राप्त कॉलेजों में अध्ययनरत प्रशिक्षुओं की पहली पाली में प्रथम प्रश्नपत्र वर्तमान भारतीय समाज एवं प्रारंभिक परीक्षा हुई। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। पहली पाली में 544 में से 436 प्रशिक्षु शामिल हुए। दूसरी पाली में द्वितीय प्रश्नपत्र प्रारंभिक शिक्षा के नवीन प्रयास की परीक्षा दोपहर बाद 1.30 बजे से दोपहर बाद 3.30 बजे तक हुई। परीक्षा में 627 में से 524 प्रशिक्षु शामिल हुए। परीक्षा के लिए नगर के डीएवी इंटर कॉलेज, तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज इमिलिया सहित सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर डायट और माध्यमिक शिक्षा विभाग से नामित पर्यवेक्षक परीक्षा पर नजर रख रहे थे।