महिला का शव मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी शिवाजी शुक्ला ।
रानीपुर। थाना क्षेत्र के रामवन काझां गांव के समीप जंगल वाले रास्ते पर झाड़ी के पीछे शनिवार की सुबह एक 35 वर्षीय महिला का शव पाए जाने पर सनसनी फैल गई। महिला का गला रेता हुआ था और खून से सना हुआ चाकू उसके पास ही पड़ा था। थोड़ी दूर पर महिला का मंगलसूत्र, रूमाल, टूटी चूड़ी आदि मिली साथ ही खून से लथपथ एक डंडा भी मिला। सुबह शौच करने जा रहे गांव के लोगों ने यह दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी सहित पुलिस फोर्स पहुंची। महिला के दाहिने हाथ पर कामता प्रसाद की स्त्री लिखा है लेकिन उसकी स्पष्ट पहचान अभी नहीं हो पाई है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के रामवन काझां गांव के समीप स्थित एक जंगल है। जंगल से होते हुए एक कच्चा संपर्क मार्ग गांव में गया है। शनिवार की सुबह गांव के कुछ लोग उस मार्ग से जा रहे थे कि रास्ते में खून से लथपथ एक डंडा, महिला की टूटी चूड़ी, मंगलसूत्र एवं एक रूमाल देखा तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। खून से रास्ते पर कई जगह बिखरा हुआ था। खून देखते हुए कुछ दूरी पर गांव के लोग गए तो एक झाड़ी में महिला का शव देखकर उनके होश उड़ गए। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया तो गांव से सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन गांव के किसी भी व्यक्ति ने उसकी शिनाख्त नहीं की। महिला के दाहिने हाथ पर कामता प्रसाद की स्त्री गुदा हुआ था। इससे आशंका लगाई जा रही है कि यह किसी कामता प्रसाद की पत्नी है लेकिन उसकी शिनाख्त लाख प्रयास के बाद भी नहीं हो पाई। अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, थानाध्यक्ष राममूरत यादव आदि पहुंचे और शव को कब्जे में लेने के साथ ही अन्य चाकू, डंडा आदि अपने कब्जे में लिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी का कहना है कि मामला हत्या का ही है। महिला के शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।