कलेक्ट्रेट से 181 महिला हेल्प लाइन रेस्क्यू वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिलाधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार।
शासन से आई महिला हेल्प लाइन रेस्क्यू वाहन को गुरुवार को कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेस्क्यू वाहन जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी के निर्देशन में कार्य करेगी। यह वाहन जिला प्रोबेशन अधिकारी के अधीन रहेेगा। जीपीएस सिस्टम युक्त 181 महिला हेल्प लाइन रेस्क्यू महिलाओं, बालिकाओं तथा बच्चों पर हो रहे अत्याचार रोकने में सहायक होगी। विषम परिस्थितियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 181 महिला हेल्प लाइन रेस्क्यू वैन मऊ जनपद को मिली है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वाहन के पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इस वैन में महिलाओं की सुरक्षा के लिए जीपीएस सिस्टम युक्त181 रेस्क्यू वाहन पर आरक्षी होमगार्ड के साथ तैनात रहेगा। यह वैन महिलाओं पर हो रही घटनाओं पर विराम चिन्ह लगाने के साथ-साथ महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच होगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि इस वाहन के लिए 181 एक टोल फ्री नंबर है। यह 24 घण्टे काम करेगा। 181 की टीम पूरे जनपद में महिलाओं की समस्याओं का समाधान करेगी। जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों को सबक सिखाने के साथ-साथ घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला बच्चों के प्राथमिक उपचार, मेडिकल लीगल, रिपोर्ट आईपीसी की धारा 164 के अंतर्गत न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दिलाने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक, आर्थिक, सशक्तीकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेगी। इसके साथ ही महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए भी 181 रेस्क्यू वैन का उपयोग किया जाएगा।