चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में नंदलाल चौहान (73) की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे अखिलेश चौहान (35) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
आजमगढ़ जनपद के तरवा थाना क्षेत्र के रसड़ा गांव निवासी नंदलाल चौहान गांव के ही अखिलेश चौहान के साथ गाजीपुर जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के अतरोला गांव अपनी बेटी के घर गए थे। बृहस्पतिवार को घर लौटते समय सिरसा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही नंदलाल चौहान की मौत हो गई। हेलमेट लगाने के कारण बाइक चला रहे अखिलेश की जान बच गई, उन्हें हल्की चोट आई है। नंदलाल का बेटा पप्पू चौहान मुंबई में रहकर नौकरी करता है। नंदलाल घर पर अकेले रहते थे। थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि घायल अखिलेश चौहान की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।