मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने मंगलवार सुबह दहेज हत्या के आरोप में अवनीश कुमार और उसके पिता बुधिराम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वलीदपुर नगर पंचायत के मोहल्ला भीरा कोडरा के निवासी हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि 26 अक्तूबर की सुबह आठ बजे शोभा (26) का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला था। हलधरपुर गांव निवासी शोभा की शादी नवंबर 2024 में अवनीश के साथ हुई थी। घटना वाले दिन सुबह किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। ससुराल और मोहल्ले के लोगों ने इसे आत्महत्या बताया था।
वहीं, शोभा के पिता हरिनारायण ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर रस्सी के निशान मिले थे। साथ ही दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।