बोझी। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रेयाव गांव निवासी अमृतलाल विश्वकर्मा उर्फ टिंकू के घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी हो गई। घटना के समय परिवार छठ पूजा करने गाजीपुर गया था। मंगलवार को लौटने पर घटना की जानकारी हुई।
पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को सौंपी तहरीर में अमृतलाल ने बताया कि वह 14 को पत्नी के साथ छठ पूजा में शामिल होने गाजीपुर गए थे। मंगलवार की दोपहर 3:30 बजे वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर देखा कि तीन कमरों के ताले टूटे हुए हैं, घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरों में रखे छह बक्सों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखा सामान गायब था।
बक्से में रखे हाफ करधन, कान का झुमका, मांगटीका और नथिया समेत अन्य सामान नहीं गायब हैं। घर में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर भी चोर खोल ले गए। बगल में उनके चाचा का घर है। वह लोग बाहर रहते हैं। उनके घर में भी चोर वहां भी पहुंचे लेकिन केवल गेहूं मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।