भारतीय सेना द्वारा अंजाम दिए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। आतंकवादियों के खिलाफ इस निर्णायक कार्रवाई ने हर देशवासी के दिल में गर्व की भावना भर दी है। लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई।
पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने बुधवार को नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में एकत्र होकर खुशी मनाई। साथ ही भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम किया।
इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है।
पाकिस्तान ने हमारी 28 बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर शहीदों को न्याय दिलाया। भारतीय सेना ने रात में पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला कर खून का बदला खून से लिया है।
अब कोई भी हमारे देशवासियों की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। आतंकवाद अब विश्व की सबसे बड़ी बीमारी बन चुका है। अब वक्त आ गया है कि विश्व के सभी देश मिलकर आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़े। सरकार से अनुमति मिले तो हम लोग पाकिस्तान से लड़ने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह, महामंत्री सुरेंद्र सिंह, शिवचंद राजभर, राजविजय यादव, उदयभान यादव, शिवकुमार सिंह, नागेंद्र सिंह, जयबहादुर सिंह, शिवशंकर यादव, रमेश चंद चौहान, राम सिंह, अरविंद सिंह, अजय कुमार आदि शामिल रहे।