चिरैयाकोट। बाजार के एक दुकानदार को तमंचा सटाकर धमकी देने वाले युवकों के विरुद्ध पुलिस ने चार दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। घटना से भयभीत दुकानदार ने एक नामजद सहित तीन आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी है। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं होने से उसके परिजनों में दहशत है।
नगर बाजार में स्थित जमीन दुर्गा वार्ड निवासी बेचू मद्धेसिया का मस्जिद के पास निजी मकान है। बेचू मकान के एक कमरे में जूता चप्पल की दुकान चलाता है। बृहस्पतिवार को वह वह दुकान के आगे एक फल की दुकान पर बैठा था। देर शाम को तीन युवक आये। एक ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवक बाइक से भाग गये।
घटना से भयभीत दुकानदार ने तहरीर में लिखा है कि 17 अप्रैल 2020 की भोर में शौच के लिए निकली उसकी पत्नी रीता का अपहरण कर हत्या कर दी गई। इसका मुकदमा दीवानी न्यायालय में चल रहा है। पत्नी की हत्या में शामिल रहे और धमकी देने वाले बदमाश की पहचान कर ली गई है पर उसके दो अन्य साथियों को पहचान नहीं सकी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।