मऊ/फतेहपुर मंडाव। ट्रेनों में भीड़ के कारण दोस्तों के साथ नोएडा से बाइक से देवरिया जा रहे इंजीनियर की मऊ में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया।
मधुबन के सिपाह के पास रविवार सुबह छह बजे सड़क पर गिरे पत्थर के चलते तेज रफ्तार से जा रही बाइक गिर पड़ी। हादसे में इंजीनियर के सिर में गंभीर चोट आ गई थी। देवरिया के लार थाना क्षेत्र के जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि उसका बड़ा बेटा 21 वर्षीय शुभनारायण तिवारी नोएडा में एक कंपनी में इंजीनियर था।
जबकि छोटा बेटा दीनानाथ तिवारी वहीं रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया कि दीपावली के लिए दोनों बेटों ने ट्रेन का टिकट कराया था। लेकिन वेटिंग और एक दिन पहले ट्रेन में चढ़ते समय एक दोस्त के गिरकर घायल हो जाने के कारण दोनों बाइक से चार दोस्तों के साथ तीन बाइक से गांव जा रहे थे।
बताया कि वे हर तीन से चार घंटे के बाद लोकेशन अपडेट करते रहे। रविवार की भोर में पांच बजे दोनों मधुबन थाना क्षेत्र के सिपाह के पास पहुंचे। इस बीच सड़क पर पड़े पत्थर के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई, इससे बाइक पर पीछे बैठे इंजीनियर बेटे के सिर में चोट लगने से मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा घायल हो गया।
मृतक शुभनाथ तिवारी।फाइल फोटो