रेलवे की भूमि से अतिक्रमण हटाया गया।
रेलवे अधिकारियों ने दस्ते के साथ रेलवे की जमीनों और दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को जोरदार अभियान चलाया।
रोडवेज स्थित शहीद चौराहा के पास की दूकानों के करीब बनाये गए चबूतरा, टीन शेड और गुमटियों को हटाया गया। अभियान के चलते करहां टैक्सी स्टैंड और शहीद चौराहा से लेकर स्टेशन के सामने तक दूकानदारों में दिन भर अफरा तफरी मची रही।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में रेलवे स्टेशन के सामने निर्मित रेलवे की दूकानों को एलाट किया गया है। दूकानों के सामने चबूतरा और टीन शेड का निर्माण कराकर दूकानदार अपना सामान, चूल्हा, गाडी़ और बेंच आदि रखते रहते हैं। मंगलवार को सुबह 10 बजे सैकड़ों पुलिस और आरपीएफ जवानों के साथ मौके पर आए रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ इंसपेक्टर ने सबसे पहले करहां टैक्सी स्टैंड पर दूकानों के सामने निर्मित टीन शेड और चबूतरा को तोड़ दिया। इसके बाद दस्ता शहीद चैराहा के पास की सभी दूकानों के सामने के चबूतरा और टीन शेड को जेबीसी लगाकर ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाने को लेकर संबंधित दूकान मालिकों को नोटिस जारी की गई थी। अतिक्रमण दस्ता ने जद में आने वाले किसी भी दूकान और गुमटी को नहीं बख्शा। अतिक्रमण हटाओ दस्ता में प्रमुख रूप से रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर मिर्जा बेग, पीडब्लूआई आधा दर्जन दरोगा के अलावा पचास से भी अधिक पुलिस जवान शामिल रहे।