मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी देते ग्रामीण।
नगर से समीप अरियासो गांव में खेल मैदान के लिए सुरक्षित भूमि पर अतिक्रमण को लेकर गांव वालों ने चार मार्च को होने वाले चुनाव का वहिष्कार करने का निर्णय लिया है।इसको लेकर गांव वालों ने सोमवार को बैनर लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों का आरोप था कि अतिक्रमण हटाए जाने के मामले में तहसील दिवस से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिया बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
आई स्पर्श योजना के तहत चयनित अरियासो गांव के पश्चिमी किनारे पर प्राथमिक विद्यालय के पास गाटा संख्या 280 में खेल के मैदान के रूप में 0.1800हेक्टेयर भूमि सुरक्षित है।खेल के मैदान पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसको लेकर गांव वालों ने तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक कई बार शिकायती पत्र दिया परंतु कार्यवाही के नाम पर आश्वासन ही मिला। सोमवार को खेल के मैदान के पास विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में से रामविजय यादव ने कहा कि खेल के मैदान पर हुए अतिक्रमण को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
इसी तरह नितेश सिंह,गणेश,चांदपति ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर जब भी शिकायत किया गया राजस्व विभाग के कर्मचारी व अधिकारी खानापूर्ति कर चले गए। इसी तरह लिल्लू प्रजापति, फूलमती, सुराती, धनंजय सिंह, मेवाती ने कहा कि खेल के मैदान पर अवैध कब्जे के चलते गांव के बच्चे खेल नहीं पाते इन्ही सब बातों और प्रसाशन के ढुल मूल रवैये को लेकर मतदान का बहिष्कार का निर्णय गांव वालों को लेना पड़ा है। उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार का कहना है अतिक्रमण गंभीर बात है। तुरंत अतिक्रमण हटवाया जाएगा।