मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक विकास, उद्यमियों की समस्याओं, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिले में पावरलूम उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समन्वय और सहयोग से औद्योगिक विकास को गति देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की कमी का मुद्दा उठाते हुए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की। इस पर सीडीओ ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र के प्रवेश द्वार की जर्जर स्थिति से भी अवगत कराया। बताया कि दो-तीन वर्ष पूर्व बना गेट खराब हो चुका है।
इस पर संबंधित कार्यदायी संस्था को शीघ्र मरम्मत कराने और अन्य आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, एनएच-29 पर बढ़ुआ गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिम दिशा में साइफन निर्माण से उत्पन्न समस्या तथा ताजोपुर में उद्योगों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार और 440 वोल्ट की विद्युत लाइनों को उचित स्थान पर शिफ्ट करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में डीसी मनरेगा, उपायुक्त उद्योग, आईटीआई के प्रधानाचार्य अरुण यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।