चिरैयाकोट (मऊ)। कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति के लिए बना शेड्यूल महज कागजी बनकर रह गया है। बृहस्पतिवार की शाम छह बजे विद्युत उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी खामी के चलते जल गया। इसके चलते 50 से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल रहने से लोगो को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी विद्युत आपूर्ति को बहाल नहीं किया जा सका है।
चिरैयाकोट विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के सेचुई, अल्देमऊ, परासी सहित 50 गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। गत बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी खामी के चलते जल गया। सेचुई, अल्देमऊ, परासी तीन फीडरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे लगभग लगभग अंधेरा छा गया। गर्मी व उमस के चलते एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। विद्युत आपूर्ति के लिए 14 घंटे का शेड्यूल बनाया गया है । लेकिन विद्युत उपकेंद्र में लगे जर्जर उपकरणों के चलते आए दिन फाल्ट के चलते कभी ट्रांसफार्मर के जलने तथा कभी तकनीकी खामी के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हो जा रही है।
परेशान उपभोक्ता बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन मिलाकर जानकारी लेते रहे । लेकिन विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बहाल नहीं किया जा सका था। इस बाबत एसडीओ राधाकृष्णन राव का कहना था कि ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। जर्जर तारों को बदलवाने के लिए प्रस्ताव किया जा चुका है।