मऊ। भीषण गर्मी में बिजली का संकट बढ़ता जा रहा है। दिन-रात अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शहर से लेकर गांवों में रोजाना घंटों कटौती हो रही है। फाल्ट के कारण यह कटौती और बढ़ जाती है। दोपहर के समय विद्युत उपकेंद्र के पैनल में आग लग गई। इससे शहर के 15 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फाल्ट काे सुधारने में एक बिजलीकर्मी भी झुलस गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फाल्ट सुधरने के बाद भी रातभर लाइन ट्रिप करती रही। नगर विद्युत उपकेंद्र के पांच नंबर फीडर से भीटी, निजामुद्दीनपुरा, रस्तीपुर, मुसरदह सहित विभिन्न मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। अघोषित बिजली कटौती तथा फाल्ट से घंटों बिजली गुल रहती है। बीते रविवार को उपकेंद्र के फीडर नंबर पांच के पैनल में आग लग गई। इससे 15 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस बीच फाल्ट का सुधारने के प्रयास में एक बिजलीकर्मी भी झुलस गया। सोमवार को भी बिजली कटौती होती रही।
उधर, भीटी के समीप अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आने के चलते घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को एक-एक पल बिताना मुश्किल हो हो गया। इस संबंध में नगर क्षेत्र के भीटी निवासी राधिका देवी, शीला देवी, मीना सिंह का कहना है कि जिला मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति का फरमान विभागीय लापरवाही के चलते बेअसर साबित हो रहा है। कभी फाल्ट तो कभी कटौती से बिजली गुल रहती है।
इस बाबत विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अभिनव तिवारी का कहना है कि विद्युुत उपकेंद्र के पांच नंबर फीडर में तकनीकी समस्या आई है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।