इंदारा-औड़ीहार मार्ग पर इंदारा जक्शन के पास होता इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल।
- फोटो : MAU
मऊ। कोरोना काल के बीच जल्द ही वाराणसी मंडल के भटनी-औड़िहार रेलखंड के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनें अपनी रफ्तार से दौड़ती नजर आएगी। दरअसल रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद बीते शुक्रवार को औड़िहार से इंदारा जंक्शन के बीच इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल किया गया। ट्रायल के सफल होने के बाद जल्द ही इस रेलखंड पर ट्रेनें अपनी पूरी रफ्तार से दौड़ती नजर आएगी। बताते चले कि वाराणसी मंडल के भटनी-औंड़िहार रेल खंड पर 125 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण कार्य वर्ष 2018 से किया जा रहा था। बीते 18 जून को यह कार्य पूरा हो गया। इसके बाद 18 जून को ही भटनी-किड़िहरापुर जबकि 19 जून को औड़िहार-इंदारा के बीच इलेक्ट्रिक इंजन ट्रायल किया गया। सफल ट्रायल के बाद औडिहार-भटनी रूट पर जल्द ही इलेक्ट्रिक ट्रेनों के दौड़ने की उम्मीदें तेज हो गई। रेलवे सूत्रों की माने तो रेल संरक्षा आयुक्त इन रेलखंडों का निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद इन रूटों पर इलेक्ट्रिक इंजन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस बाबत वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि काम पूरा होने के बाद सफल ट्रायल किया गया है। रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद रेलपथ विद्युतीकृत हो जायेगा।