मऊ। कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को फिर चौंकाने वाली खबर आई। नगर के खीरीबाग निवासी अधेड़ की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मृतक इलाज कराने के लिए बीएचयू गया हुआ था, जहां इलाज से पहले उसका सैंपल लिया गया था। बीते शुक्रवार की देर शाम उसकी मृत्यु हो गई, जहां परिजन उसका शव लेकर घर आ गए। प्रशासन खीरीबाग को हॉटस्पॉट बनाने के साथ मृतक के संपर्क में रहने वाले पांच लोगों को क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि नगर के खीरीबाग निवासी 52 वर्षीय अधेड़ सांस लेने में तकलीफ होने पर 18 जून को इलाज कराने के लिए बीएचयू गए थे। यहां इलाज से पहले मृतक का सैंपल लिया गया था, इसके बाद इलाज शुरू किया। शुक्रवार की शाम इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन शव को लेकर मऊ आ गए। बताया जा रहा है कि मृतक की सुबह जनाजे के साथ सुपर्दे खाक कर दिया गया। दोपहर बाद बीएचयू से आई रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद इसकी सूचना मेडिकल कॉलेज ने स्वास्थ्य विभाग को दी।खीरीबाग को हॉटस्पॉट बनाने के साथ मृतक के संपर्क में रहने वाले पांच लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया।
दोनों हॉटस्पॉट से लिया गया सैंपल
अस्पताल के कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद कासिमपुरा पोखरा तथा उसके कार्यस्थल अस्पताल को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। शनिवार को दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की सैंपलिंग टीम ने हॉटस्पॉट बने अस्पताल से 80 लोगों की सैंपल लिया जबकि कासिमपुरा पोखरा से 40 लोगों का सैंपल लेकर जांच को भेजा। इसके अलावा सलाहाबाद मोड़ से 30 तथा फातिमा चौराहा से 20 और अन्य जगहों से 20 संदिग्धों का सैंपल लिया गया।
120 घरों का सर्वे कर 752लोगों की जांच
नगर के हॉटस्पॉट रहजनिया में शनिवार को अपर सीएमओ डॉ. वकील अली के नेतृत्व में पांच सदस्यीय चार टीमों ने हॉटस्पॉट क्षेत्र के 120 घरों का सर्वे किया। सर्वे के दौरान 752 लोगों का टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध मिला, जबकि एक बाहरी व्यक्ति मिला। टीम में डॉ. एमए खान, बाला जी, देवेंद्र यादव, मोहम्मद कबीर आलम, सोनू रानी राय, अंकिता दुबे, सिंपा राय, सरोज पांडेय, सिंधू देवी आदि मौजूद रहे।