ईद की खरीदारी के लिए नगर क्षेत्र के रौजा स्थित एक दुकान पर 12 बजे रात में कपड़ो की खरीदारी करते लोग।
ईद-उल-फितर का त्योहार चन्द्रदर्शन के अनुसार 26 या 27 जून को मनाया जाएगा। वहीं 23 जून को रमजान के अलविदा जुमे की नमाज अदा की जाएगी। त्योहार को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कई कंपनी अर्धसैनिक बल की व्यवस्था की गई है। अर्धसैनिक बल एवं जनपदीय फोर्स के साथ गैर जनपद के फोर्स की निगहबानी में त्योहार को सकुशल संपन्न कराया जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहर को जोन एवं सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन एवं प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से दो कंपनी आरएफ एवं एक कंपनी आईटीबीटी के जवान जिले में आ भी चुके हैं जो जगह-जगह रूट मार्च कर रहे हैं।
सांम्प्रदायिक दृटिकोण से अतिसंवेदनशील शहर में त्योहार को सकुशल संपन्न कराने व शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए नगर क्षेत्र को जिलाधिकारी ऋषिरेंद्र कुमार ने सेक्टर व जोन में विभाजित किया है। इसमें मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। सेक्टर का नाम रेलवे क्रासिंग से रौजा व चौक तक मुख्य सड़क के दोनों तरफ का भाग पर जोनल मजिस्ट्रेट राकेश कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट कंहैया लाल द्विवेदी एसीओ होेंगे।इसी तरह अन्य सेक्टरों की तैनाती की गई है।
उधर सुरक्षा को लेकर कई कंपनी अर्धसैनिक बल एवं पीएसी की डिमांड की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव का कहना है कि त्योहार पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। किसी भी सूरत में त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा। त्योहार में खलल डालने को कत्तई बख्शा नहीं जाएगा।