ठंड के चलते रोडवेज बसों में लंबी दूरी वाले यात्रियों की संख्या घट गयी है। लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और गोरखपुर जाने वाली बसों में 8 या 10 यात्री होने पर चालक रवाना हो जा रहे हैं। बीते पांच दिन में मऊ डिपो की कमाई 42.11 फीसदी घट गयी है।
यात्रियों की संख्या घट जाने से रोडवेज की अधिकतर बसें बस स्टेशन या वर्कशॉप में खड़ी रह जा रही हैं। ये स्थिति बीते पांच दिन से है। मऊ डिपो में 52 सीटों वाली परिवहन निगम की 57 बसें और 42 सीटों वाली दो एसी, चार साधारण बसें हैं।
ग्रामीण रूटों पर चलने वाली 38 सीटों वाली तीन लोहिया बसें हैं। इनके अलावा 42 सीट वाली 10 अनुबंधित बसें भी हैं, जो आजमगढ़ और शाहगंज तक चलती हैं।
इन बसों से सामान्य दिनों में 73 बसों से एक दिन में 9.50 से 10 लाख रुपये तक कमाई होती थी लेकिन अब रोजाना 5 से 5.50 लाख रुपये की कमाई कर पाना मुश्किल हो गया है। इस तरह प्रतिदिन 4.50 से पांच लाख तक नुकसान हो रहा है।
ठंड के चलते रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या घट गई है, जिसके चलते कमाई भी कम हो रही है। यात्रियों के बैठने के बाद अधिकतम 30 मिनट तक बस खड़ी रह सकती है। इसी चलते चालक कम सवारी लेकर रवाना हो रहे हैं।
- मनोज कुमार पाजपेयी, आरएम, आजमगढ़