विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रविवार को शिक्षक सदन में हुई। इसमें पदोन्नति की मांग की गई। कार्यवाहक अध्यक्ष जयशंकर यादव ने कहा कि जब तक पदोन्नति नहीं हो जाती तब तक संगठन चैन से नहीं रहेगा।
इसके लिए अगर शासन से पद सृजन कराना पड़ा तो हम लोग संघर्ष कर जनपद के लिए पद सृजित कराएंगे। इसी क्रम में संयोजक अरविंद पांडेय ने कहा कि उच्च न्यायालय व केंद्र सरकार की अनुमति के बावजूद प्रदेश सरकार पेंशन का भुगतान 2004 बैच के शिक्षकों का नहीं कर रही है।
इसी तरह प्रदेश से आए प्रदेशीय संयुक्त मंत्री प्रवीण राय ने कहा कि सरकार कई मुद्दों पर आश्वासन देकर मुकर जा रही है। इसे ही ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश से शिक्षकों का हुजूम 18 मई को लखनऊ में विधानसभा का घेराव करेंगे।
अंत में शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी रवि शंकर यादव के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए संगठन के अध्यक्ष के खिलाफ किए गए मुकदमे को वापस लेने की बात कही।