जेल से निकलने के बाद ई-रिक्शा चोरी करने वाला गिरफ्तार अभियुक्त
मऊ। मऊ कोतवाली पुलिस टीम ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय के पास सड़क किनारे से जेल से जमानत पर बाहर आए शमशाद अहमद और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की ई-रिक्शा और चाकू बरामद किया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। दोनों 10 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आए थे।
कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नई बस्ती मुंशीपुरा मोहल्ला निवासी प्रमिला देवी की तहरीर पर चोरी के मामले में शुक्रवार की शाम प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रमिला देवी ने बताया था कि बृहस्पतिवार की रात ई-रिक्शा घर के बाहर चार्ज करने के लिए खड़ा किया था। आरोप लगाया कि शुक्रवार की भोर में लगभग चार बजे सरायलखंसी थाना के बुनकर कॉलोनी निवासी शमशाद अहमद और दक्षिण टोला थाना के औरंगाबाद सहन निवासी सरफराज ई-रिक्शा को चुराकर ले गए।
पूरी घटना पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। छानबीन के दौरान दोनों की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी पहले भी चाकू और तमंचा रखने के आरोप में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में दोनोें ने बताया कि उनकी मुलाकात जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई।
जेल से निकलने के बाद ई-रिक्शा चोरी करने वाला गिरफ्तार अभियुक्त