नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर आयोजित क्रिकेट मैच में शाट लगाता बल्लेबाज।संवाद
- फोटो : 1
नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर शनिवार को स्टार क्रिकेट एकेडमी और डीवाईके क्रिकेट क्लब के अंडर-12 खिलाड़ियों के बीच 30-30 ओवर का मैच खेला गया, जिसमें डीवाईके क्रिकेट क्लब ने स्टार क्रिकेट एकेडमी को 4 विकेट से हराया।मैच में स्टार क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम के ओपनर बल्लेबाज कप्तान के भरोसे पर खरे नहीं उतर पाए और जल्द ही पवेलियन लौट गए।
इसके बाद सानिध्य राय ने 17 रन और अयांश सिंह ने 45 रन की पारी खेली। हालांकि इनके आउट होते ही अन्य बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके।
ऑलराउंडर आदित्य सिंह ‘गुल्लू’ ने 20 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को 16.3 ओवर में 117 रन तक पहुंचाया। इस दौरान पूरी टीम ऑलआउट हो गई। डीवाईके क्रिकेट क्लब के गेंदबाज वंश गुप्ता ने 4 विकेट झटके, जबकि आदर्श यादव, उत्सव सिंह, अनर्व पांडेय और अपूर्व को 1-1 विकेट मिला।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए डीवाईके क्रिकेट क्लब ने 4 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से उत्सव सिंह ने 25 रन, आदर्श यादव ने 17 रन, युवराज शर्मा ने 15 रन और अर्णव पांडेय ने 21 रन बनाए।
स्टार क्रिकेट एकेडमी की ओर से सानिध्य राय और स्वास्तिक ने 2-2 विकेट तथा अयांश और अंश यादव ने 1-1 विकेट लिया। वंश गुप्ता को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के अंपायर जियाउर्रहमान और फरहान असलम रहे, जबकि स्कोरिंग प्रवीण चौरसिया ने की।