डॉ. प्रभुनाथ रोड के आरसीसी निर्माण की जांच करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : 1
आदर्श नगर पंचायत घोसी के तहत डॉ. प्रभुनाथ रोड पर कराए जा रहे आरसीसी सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी मऊ के निर्देश पर बुधवार को जांच अधिकारी एवं नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
जांच के दौरान भौतिक सत्यापन में पाया गया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जहां नियमानुसार आरसीसी सड़क की मोटाई 6 इंच होनी चाहिए, वहीं मौके पर अधिकांश स्थानों पर सड़क की मोटाई 4 इंच से लेकर अधिकतम साढ़े 5 इंच तक ही पाई गई।
इस गंभीर लापरवाही पर जांच अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित कार्यदायी संस्था और ठेकेदार के कार्यों पर नाराजगी जाहिर की। इस निर्माण कार्य को लेकर पहले ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ठेकेदार द्वारा जानबूझकर मानकों की अनदेखी कर घटिया निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और उसकी टिकाऊ क्षमता प्रभावित हो रही है।
जांच के ठेकेदार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने के प्रयास की भी बात सामने आई। इस पर नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने हस्तक्षेप करते हुए सभी पक्षों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बाबत नायब तहसीलदार ने बताया कि जांच के दौरान खामियां मिली हैं, जिनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं, इस मामले में एक संयुक्त टीम द्वारा भी जांच की जाएगी।