त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर 645 ग्राम पंचायतों में तीसरी बार डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन होगा। 28 मई तक इनका सत्यापन पूरा करना है। अंतिम सूची 10 जून को प्रकाशित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची में 5 लाख 512 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित कर उनकी सूची भेजी है और उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। यह तीसरी बार है जब 645 ग्राम पंचायतों में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कराया जा रहा है।
जिले में एसआईआर के बाद विधानसभा की सूची में मतदाताओं की संख्या 15 लाख 15 हजार 810 है। वहीं पंचायत की सूची में 645 ग्राम पंचायतों में 13 लाख 57 हजार 172 और 11 नगर निकायों में 5 लाख 20 हजार 226 मतदाता पाए गए। दोनों सूचियों की तुलना में पंचायत एवं नगरीय निकाय की सूची में 3 लाख 61 हजार 588 मतदाता अधिक दर्ज किए गए हैं।
पंचायतों में पहली बार अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 645 ग्राम पंचायतों में 13 लाख 29 हजार 620 मतदाता मिले थे। इस पर आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित कर उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इसके चलते अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 15 अप्रैल की गई थी। इसका सत्यापन अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पूरा किया गया। इस सत्यापन में जिले में 60 हजार 895 मतदाता डुप्लीकेट पाए गए, जिन्हें सूची से हटा दिया गया।
इसके बाद 15 अप्रैल से बढ़ाकर अंतिम सूची की तिथि 22 अप्रैल की गई। अभी यह प्रक्रिया चल ही रही थी कि राज्य निर्वाचन आयोग ने 13 लाख 57 हजार 172 मतदाताओं में से 5 लाख 512 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची निर्वाचन कार्यालय को भेजकर इनके सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा और पंचायत एवं नगरीय निकाय की सूची में लंबा अंतर है। इसके चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने 5 लाख 512 मतदाताओं का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। 28 मई तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा और 10 जून को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
-होरीलाल यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, मऊ
ब्लॉक | ग्राम पंचायत | शुद्ध मतदाता (17 अप्रैल 2026 तक)
बड़राव 68 1,56,646
घोसी 72 1,37,116
दोहरीघाट 74 1,57,986
फतहपुर मंडाव 78 1,74,544
रानीपुर 85 1,72,577
मुहम्मदाबाद 83 1,61,821
परदहां 34 84,197
रतनपुरा 77 1,51,660
कोपागंज 74 1,60,715