हलधरपुर।रतनपुरा विकासखंड के चकरा ग्राम पंचायत में लाखों की लागत से बना ओवरहेड टैंक म रम्मत के अभाव में शो पीस बनकर रह गया है। जल निगम की तरफ से बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से शुद्ध पानी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। प्रदूषित पानी का सेवन करने से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी पेयजलापूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है।
चकरा ग्राम पंचायत की आबादी 13हजार है। गांव में दस वर्ष पूर्व ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य लाखों रुपये खर्च कर जल निगम द्वारा ओवरहेड टैंक बनवाया गया था।जल निगम ने ओवर टैंक का निर्माण कर ग्राम पंचायत को हैंडओवर कर दिया।लेकिन कुछ महीनो तक जलापूर्ति के बाद पाइपलाइन जगह जगह फट गई।और मोटर भी जल गया।ग्रामीणो के लाख शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने न तो जर्जर पाईप की मरम्मत करवाई और न ही मोटर बदलवाया। इस संबंध में गांव के सुधाकर पांडेय, राधेश्याम, ओमप्रकाश, धर्मदेव, अमरनाथ, महेंद्र, प्रभुनाथ, राजेंद्र का कहना है कि लंबा समय बीत जाने के बावजूद ओवरहेड टैंक से पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं किया जा सका है।
इसकी शिकायत करने पर जिम्मेदारो से सिवाय आश्वासन के कुछ हाथ नहीं लगा।इस बाबत ग्राम प्रधान अरुण कुमार का कहना है कि स्टीमेट बनाकर जिला मुख्यालय पर भेज दिया गया है।जल्द ही आपूर्ति चालू हो जाएगी।