कोपागंज। थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा निवासी महिला की तहरीर तथा कोर्ट के निर्देश पर सोमवार को पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में महिला के पति सहित तीन लोगों के विरुद्ध मुुकदमा दर्ज किया। दोस्तपुरा निवासी रजिया खातून पत्नी अब्दुर्रहमान ने बताया कि उसका मायका वाजिदपुरा में है। 15 दिसंबर 2018 को उसका निकाह दोस्तपुरा निवासी अब्दुर्रहमान पुत्र मजीदुल्लाह के साथ हुआ। शादी में सामर्थ्य से अधिक सामान दिए गए। वह ससुराल गई तो उसके पति, ससुर व ननद ने दहेज में बाइक, 50 हजार रुपए की मांग को लेकर उस पर दवाब बनाया। विरोध करने उसे प्रताड़ित करने लगे। गर्भवती होने के बावजूद उसके उपचार में लापरवाही की गई। आपरेशन के बाद नवजात बच्ची की देखभाल न होने से उसकी मौत हो गई। 12 अक्तूबर को पति ने दहेज को लेकर मारपीट की। सूचना पाकर जब पिता पहुंचे तो उसे भी मारापीटा और मुझे घर से निकाल दिया। शिकायत पर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई नहीं हुई तो उसने न्यायालय की शरण ली। जहां सोमवार को पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की।