घोसी। स्थानीय तहसील में स्टांप विक्रेताओं द्वारा मनमाना कीमत वसूले जाने से वादकारियों और अधिवक्ताओं में नाराजगी है। विक्रेता 10 रुपये का स्टांप 30 रुपये और 10 रुपये का टिकट 20 रुपये में बेच रहे हैं। लोगों ने मनमानी कीमतों पर रोक लगाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को तहसील पर काम कराने आए चंदू भाई, सुदामा निषाद, रमेश गुप्ता, अविनाश कुमार, आफताब अहमद और तारा देवी ने बताया कि घोसी तहसील के सभी स्टांप विक्रेता खुलेआम दोगुने से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। जबकि शासन द्वारा ई-स्टांपिंग व्यवस्था लागू होने के बाद मैनुअल स्टांप की छपाई लगभग बंद हो गई है। इससे छोटे मूल्य के स्टांप की कमी हो गई है, जिसका फायदा उठाकर स्टांप विक्रेता अधिक कीमत वसूल रहे हैं। एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्टांप विक्रेताओं को कई बार बैठक के माध्यम से चेतावनी देकर सुधार के अवसर दिए जा चुके हैं। यदि इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ है तो सक्षम अधिकारियों के माध्यम से जनहित में जांच कर मनमानी कीमत वसूलने वालों के विरुद्ध जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।