मऊ/दोहरीघाट। दोहरीघाट विक्ट्री इंटर कॉलेज से आजमगढ़ दोहरीघाट बाईपास मार्ग के दिन बहुरने वाले हैं। कैबिनेट मंत्री एके शर्मा की पहल पर 850 मीटर बाईपास के चौड़ीकरण और नाली निर्माण के लिए शासन ने 1.38 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा। एके शर्मा ने अपने एक्स हैंडल से जानकारी साझा करके हुए जनपद वासियों को बधाई दी है। मरम्मत और चौड़ीकरण की मंजूरी के लिए 21 नवंबर 2023, 09 दिसंबर 2023 को मंत्री लोक निर्माण विभाग और 08 जुलाई 2024 और 08 अक्तूबर 2024 को लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री को पत्र लिखा था। दोहरीघाट में कस्बे के जाम को देखते हुए वर्ष 2018 में मऊ-दोहरीघाट मार्ग से रामपुर धनौली गांव में आजमगढ़ को जोड़ने के लिए 850 मीटर बाईपास बना, जो ग्रामीण सड़क है। अक्तूबर 2019 में नवरात्र के समय दोहरीघाट कस्बा में जाम लगने से भारी वाहनों को बाईपास मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया था। तब से सभी वाहन वहीं से निकलने लगे, जिससे एक ही माह में सड़क बदहाल हो गई। बड़े-बड़े गड्डे बन गये। कुछ दिन बाद लोक निर्माण विभाग ने चौहान चौक पर भारी वाहनों का प्रवेश निषेध का सूचना बोर्ड भी लगाया, लेकिन असर नहीं दिखा। इस रास्ते से नई बाजार, लामी, तारनपुर, नऊली, चीऊंटीडाढ़, कादीपुर, सियरही, मादी सिपाह सहित अन्य गांव के लोग दोहरीघाट बाजार आते जाते हैं। इसी रास्ते रोजाना सैकड़ों छात्र छात्राएं कॉलेज और कोचिंग जाते हैं। लेकिन बरसात में सड़क पूरी तरह तालाब बन जाती है, इससे सड़क पर आवागमन बंद हो जाता था।