दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का संचालन 19 जून से वाराणसी तक किया जाएगा। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस ट्रेन को वाराणसी तक चलाने की मांग कर रहे थे।
गत 11 मई 2026 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से दोहरीघाट-औड़िहार मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया था। उद्घाटन के दौरान उन्होंने इस ट्रेन को औड़िहार से आगे वाराणसी तक संचालित करने की व्यवस्था किए जाने की बात कही थी।
इसके बाद से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, व्यापारी और आम लोग लगातार इस मांग को उठा रहे थे। लोगों का कहना है कि ट्रेन के वाराणसी तक संचालन से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विशेष रूप से व्यापारियों को इसका लाभ मिलेगा, जो व्यापारिक कार्यों के लिए वाराणसी आते-जाते हैं। साथ ही छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भी सस्ती और सुगम यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।
पूर्व चेयरमैन गुलाब चंद गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार जायसवाल, व्यापारी उमेश मद्धेशिया, सुरेंद्र साहू तथा राजू मद्धेशिया ने रेलवे के निर्णय का स्वागत किया है।