मऊ। कोरोना संक्रमण काल में भी डाक्टर और कर्मचारी समय से अस्पताल नहीं पहुंच रहे। ऐसे में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने जिला महिला अस्पताल का सीएमओ के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएस के साथ डाक्टर और कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डाक्टर ओपीडी से नदारत थे और कर्मचारी भी काउंटर पर नहीं मिले। डीएम ने सबको अनुपस्थित करने का आदेश दिया। डीएम के निरीक्षण और कार्रवाई से डाक्टर के साथ कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
बुधवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह महिला जिला अस्पताल पहुंचे। यहां ओपीडी में डॉ. रीमा यादव, डॉ. तोषी, डॉ. सबा अनुपस्थित मिलीं। वहीं डीएम को सीएमएस डॉ. चंद्रा सिन्हा, चीफ फार्मासिस्ट सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिस पर डीएम ने इन सभी को अनुपस्थित करने की कार्रवाई की। इसीक्रम में डीएम ने लेबर वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, कंगारू मदर केयर वार्ड आदि का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।