रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर में महिला की मौत के बाद गमजदा परिजन। संवाद
- फोटो : MAU
फतेहपुर मंडाव/हलधरपुर। दो थाना क्षेत्रों में दो विवाहिताओं ने फंदे से लटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, एक मृतका के पिता की ओर से ससुरालियों को आरोपित करते हुए दहेज उत्पीड़न की तहरीर दी गई है। फतेहपुर मंडाव : रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर में रविवार की विवाहिता का संदिग्ध परिस्थिति में पंखे से लटकता शव मिला। मर्यादपुर गांव निवासी मंजू 28 पत्नी सोनू कुमार शनिवार की रात भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। रविवार की सुबह उसकी सास ने मंजू को उठाने के लिए आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने खिड़की से झांक कर देखा तो पंखे से लटकता उसका शव दिखा। शोरगुल सुनकर परिवार वालों के साथ ही आसपास के लोग भी जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, मृतका के पिता सुभाष ने ससुरालियों को आरोपित करते हुए थाने में दहेज उत्पीड़न की तहरीर दी। विवाहिता की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। थानाध्यक्ष समर बहादुर सरोज ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हलधरपुर : थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव निवासी रीना 35 पत्नी रामप्रवेश शनिवार की शाम भोजन कर कमरे में सोने चली गई। उस समय उसका पति रामप्रवेश चकरा स्थित अपनी मोबाइल की दुकान पर था जबकि माता पिता ट्यूबवेल पर गए थे। घटना के समय मृतका के दोनों बच्चें भी अपने दादा-दादी के पास गए हुए थे। जब सास-ससुर घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। एसओ शत्रुजंय सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।