जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक घोसी लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद राजीव राय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सांसद ने जांचकर अवैध अस्पतालों और झोलाछाप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
साथ ही उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार स्मार्ट मीटर की शिकायत को देखते हुए बिना उनकी सहमति के स्मार्ट मीटर न लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में समिति के अध्यक्ष ने 100 शैय्या युक्त चिकित्सालय टड़ियांव, घोसी में डॉक्टरों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के बारे में सीएमएस द्वारा जानकारी दिए जाने पर स्वयं वीडियो कॉल के माध्यम से उपस्थिति की जांच की।
वहीं जनपद में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए समिति के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने समस्त पंजीकृत अस्पतालों में भी फर्जी डॉक्टरों की जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित कर जनपद के समस्त अस्पतालों की मानक अनुरूपता की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सील किए गए अस्पतालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए।
आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान सांसद ने ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सभी पात्रों का कार्ड बनवाना सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थिति की स्थिति में कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
विद्युत निगम की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता यह शिकायत करता है कि विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाया गया है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जनपद में जहां-जहां बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति हो रही है, वहां बिजनेस प्लान के अंतर्गत खंभे और केबल के माध्यम से कनेक्शन देना सुनिश्चित करने को कहा।
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण परियोजनाओं का एक महीने के अंदर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोकार्पण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, विधायक मधुबन रामविलास चौहान, विधायक मोहम्मदाबाद गोहना राजेंद्र राम, विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह (रिशु), मंत्री एके शर्मा के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इनसेट-
खबर का लिया संज्ञान, जांच के निर्देश
बैठक में सांसद ने अमर उजाला में 17 अप्रैल को प्रकाशित ‘एक ही सड़क पर दो बार बजट खपाने में जुटे... 1.254 करोड़ से हो रही मरम्मत, फिर होगा चौड़ीकरण’ शीर्षक खबर का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता को जांच कर पूरे कार्य का आय-व्यय ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बताया गया कि खबर के बाद से विभागीय अधिकारी लीपापोती में जुटे थे।
इनसेट
किसानों की समस्या उठी, क्रय केंद्रों पर बोरों की कमी
बैठक में विधायक मधुबन रामविलास चौहान ने मोहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग के मरम्मत कार्य की मांग उठाई। वहीं सांसद ने गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरों की कमी की शिकायत पर डिप्टी आरएमओ को पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। रेलवे द्वारा पूर्व में निर्मित सईदी रोड के जल्द उखड़ जाने पर उन्होंने निर्माण में हुए खर्च की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही सांसद खेल प्रतियोगिता के आयोजन पर हुए खर्च का ब्यौरा भी जिला क्रीड़ा अधिकारी से मांगा।