इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार की रात नगर क्षेत्र के बकवल स्थित नगर पालिका कम्युनिटी हाल में सेमीनार का आयोजन हुआ। सेमीनार के मुख्य वक्ता दिल्ली से आए हृदय रोग विशेषज्ञ डा. विशाल रस्तोगी ने रक्तचाप से शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को बताते हुए कहा दिल की धड़कन थोड़ी भी बढ़ जाए तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। तत्काल चिकित्सक से सलाह लंे। ऐसा न करने पर ब्रेन स्ट्रोक, हार्ट अटैक, जैसी गंभीर बीमारी हो सकती है। सेमीनार में फोर्टिस एस्कोर्ट्स हास्पिटल के कार्डियक सर्जन डा.वाई के मिश्रा भी शामिल हुए।
सेमिनार के मुख्य अतिथि जिला जज सीएम दीक्षित और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी चन्द्रकांत पांडेय और एसपी अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे। सेमीनार का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सेमीनार को संबोधित करते हुए फोर्टिस एस्कोर्ट्स हास्पिटल के कार्डियक सर्जन डा.वाई के मिश्रा ने बताया कि पहले हार्टबिट रोक कर चिकित्सक इलाज करते थे। लेकिन अत्याधुनिक मशीनों से इलाज काफी आसान हुआ है। चिकित्सा विज्ञान तरक्की पर है अब बिना हार्ट बिट रोके हृदय का आपरेशन संभव है।
मुख्य अतिथि जिलाजज सीएम दीक्षित ने कहा कि ऐसा आयोजन हमेशा होना चाहिए इससे नई चिकित्सा प्रणालियों की जानकारी मिलती है। इसके पहले आईएमए के अध्यक्ष डा.जेडआई उस्मानी और सचिव डा.सुजीत सिंह ने सभी अतिथियों को माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान डा.बदरे आलम, डा.जमाली, डा.एससी तिवारी, डा.सरफराज, डा.गंगा सागर सिंह, डा.एनके सिंह, डा.पीएल गुप्ता, डा.ओपी सिंह, डा.नवीनचंद सिंह, डा.जयनाथ सिंह, डा. ए खान, डा.अरुण गुप्ता, डा.आरके अग्रवाल, डा.आरके गुप्ता, डा, एसपी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।