मऊ। संपूर्ण समाधान दिवस में आए प्रार्थना पत्र की जांच के बाद जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने सदर तहसील क्षेत्र के अकोली गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित किया। टीम ने रविवार को जेसीबी द्वारा अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर चक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाया।
सदर तहसील क्षेत्र के अकोली गांव निवासी बिछू यादव ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दिया कि गांव के चक मार्ग संख्या 36 पर गांव के एक व्यक्ति द्वारा दीवार बनाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। जांच में पता चला कि अवैध कब्जे को हटाने के लिए तहसीलदार सदर के न्यायालय द्वारा आदेश पारित किया, किंतु फिर भी अवैध कब्जा बरकरार था । मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने उपजिलाधिकारी को अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी द्वारा अवैध कब्जा हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित की गई। जिसमें पुलिस व राजस्व टीम की मौजूदगी में जेसीबी द्वारा अवैध निर्माण ध्वस्त कराकर चक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाया गया। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रशासन द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान आगे भी जारी रख जाएगा।