मऊ। सरायलखंसी थाने में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने फरियादियों की समस्या सुनी। समाधान दिवस मेें मठमोहममदपुर निवासी मनोज कुमार मौर्य पुत्र शंकर मौर्य ने बताया कि मठ मोहम्मदपुर में चकरोड के खाते की भूमि है पर कतिपय लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। उक्त प्रकरण पर जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने राजस्व एवं पुलिस की टीम भेजकर अपराह्न 5.30 बजे तक उक्त सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। समाधान दिवस पर किन्नूपुर निवासी शोभा सिंह पत्नी अमरदेव सिंह ने अवैध कब्जा की शिकायत की। इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस की टीम भेजकर अपराह्न 5.30 बजे तक सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा दिया। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने कहा कि शासन के मंशा के अनुरूप समाधान दिवस का आयोजन जन सामान्य के समस्याओं के समाधान के लिए किया जाता है एवं उनकी समस्याओं का तत्काल नियमानुसार निराकरण जनपद में कराया जाता है। किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण एवं अन्य किसी गैर कानूनी गतिविधियों का संचालन पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।