बढुआ गोदाम। परदहां ब्लाक के आदेडीह गांव में विकास कार्यों में घपले के आरोपी तत्कालीन ग्राम प्रधान को गबन की रकम जमा न करने पर अंतिम नोटिस जारी कर रकम जमा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने दो माह पहले भी उसे निर्देश दिए थे। बताते चलें कि आदेडीह गांव निवासी योगेंद्र सिंह ने शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यो के 21 बिंदुओं पर जांच कराने की मांग जिलाधिकारी से की थी। जिस पर जिलाधिकारी ने उप कृषि निदेशक को जांच अधिकारी नामित कर रिपोर्ट मांगी। आदेडीह गांव में दूधनाथ के घर से सत्येंद्र सिंह के खेत होते हुए काली स्थान तक कार्य की जांच में शिकायत आंशिक सही पाई गई। वहीं राजेश बनिया के खेत से रविदास मंदिर तक सोलिंग कार्य पर भुगतान में घपला सामने आया। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से गबन की एक लाख 22 हजार रुपये की धनराशि वसूली के आदेश दिए और ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से अलग अलग धनराशि जमा करने को कहा। तत्कालीन ग्राम प्रधान गजेंद्र प्रताप सिंह को विभाग की तरफ से वसूली के लिए तीन बार नोटिस जारी होने के बाद भी उसने रुपये जमा नहीं किए। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि रुपये जमा नहीं करने पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश जारी किया जाएगा।