मधुबन/फतेहपुर मंडाव। नेमडाड में बन रहे सीएचसी का जिलाधिकारी ने शनिवार को निरीक्षण किया। निर्माण में घटिया सामग्री मिलने पर जहां एई को फटकारा तो वहीं ठेकेदार पर प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया। साथ ही सीडीओ की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाने को भी कहा। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने निरीक्षण में पाया कि अस्पताल के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल हो रही है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकारा और ठेकेदार को काली सूची में डालते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा। बताया कि सीडीओ की अध्यक्षता में जांच कमेटी कामों की जांच कर रिपोर्ट देगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनोज कुमार तिवारी, बीडीओ फतेहपुर मंडाव जयेश सिंह के अलावा कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मालूम हो कि सीएचसी निर्माण के लिए 597. 67 लाख तक संशोधित बजट कर दिया गया है, जिसमें से अब तक 361.49 लाख की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। इसे दिसंबर तक पूरा किया जाना है।