घोसी। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने शनिवार को तहसील घोसी परिसर में बनाए गए इवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगोंं को इवीएम के माध्यम से मतदान करा निष्पक्षता से भी अवगत कराया।
बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रमुख सरकारी परिसरों में इवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से मतदाताओं को प्रशिक्षित करने के साथ ही साथ लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोगों को मतदान करने हेतु जागरूक किया जा सके।
इस दौरान वहां पर उपस्थित मनोज कुमार, राजकुमार एवं विजय बहादुर सहित कई अन्य लोगों ने भी जिलाधिकारी की उपस्थिति में इवीएम के माध्यम से मतदान करते हुए मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को परखा।
डीएम ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा इवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर शंका जाहिर करने पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं, जिसके माध्यम से लोग अपनी शंका का समाधान कर सकते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, उप जिलाधिकारी घोसी सुमित कुमार सिंह,तहसीलदार घोसी धर्मेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।