कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बाल संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। डीएम ने छात्रों के सवाल के जवाब दिए और सभी को जीवन में सफलता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में रतनपुरा प्रथम विद्यालय में अध्यनरत दिव्यांग छात्र अंजीका वर्मा ने गुलदस्ता देकर जिलाधिकारी का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वकील, खिलाड़ी, डॉक्टर, एथलीट, आर्मी मैन, वैज्ञानिक बनने के लिए की जाने वाली तैयारी के संबंध में जिलाधिकारी से सवाल किया। प्रश्न पूछने वालों में शिवांगी चौरसिया, प्रतिज्ञा तिवारी, आरती राय अनुग्रह सिंह चौहान, दिव्या गुप्ता, आस्था, हर्षिता, रितु, निधि चौहान, मान्या राय शामिल थी। डीएम ने संचारी रोगों के प्रति भी बच्चों को जागरूक किया। कहा कि बच्चों में असीम क्षमता होती है, वह जो चाहे कर सकते हैं। जीवन में अपने निर्धारित लक्ष्य को आगे रखते हुए खूब मेहनत से पढ़ाई करें। विशेष कर कक्षा एक से 12वीं तक खूब ध्यान से पढ़ाई करें जीवन में अवश्य सफल होंगे। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद को भी आवश्यक बताया, छात्र-छात्राओं को अपने अंदर विश्वास पैदा करने को कहा। उपस्थित अध्यापकों एवं अभिभावकों से भी बच्चों के अंदर विश्वास पैदा करने तथा अपनी क्षमता अनुसार उनके जीवन के विकास में योगदान करने की बात कही। दिव्यांग शिक्षक सुशील कुमार राय द्वारा नियमित रूप से बच्चों के प्रति विशेष मेहनत करने पर जिलाधिकारी ने उनकी प्रशंसा भी की। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया। इस कार्यक्रम के आयोजन पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित पूरी टीम को बधाई दी। इसके अलावा समस्त बच्चों अभिभावकों एवं अध्यापकों का भी स्वागत किया। इस अवसर पर बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी एवं अध्यापक उपस्थित रहे।