मऊ। जिला उद्योग बन्धु की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बैठक में पिछले बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। इसी क्रम में औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा की जर्जर सड़कों तथा स्वतंत्र विद्युत फीडर की लाईन के मरम्मत के संबंध में जिलाधिकारी ने जल्द कार्य करने के निर्देश दिये। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में रोड लाईट के समस्या के संबंध में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए रोड लाईट की कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिये।
डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर एवं औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में पुलिस गश्त के संबंध में तथा विगत बैठक एजेण्डा पर समीक्षा किया। इसके समाधान के लिए उद्यमियों एवं संबधित अधिकारियों से निपटारे के निर्देश दिये। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में फायर हाईडेंट की व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी के तरफ से संबंधित अधिकारी को पत्र भेजवाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया।
मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने नाले की मरम्मत लोक निर्माण विभाग को ठीक कराने के निर्देश दिया। उन्होने सभी उद्यमियों से कहा कि उद्योग को किसी भी दशा में बंद न रहने दें क्योंकि उद्योग चलने से बाहर से आये प्रवासियों को रोजगार मिल सकेगा। उन्होने सभी उद्यमियों से कहा कि आप सभी अपने सुझाव लिखित रूप से दें, जिससे आवश्यक कार्यवाही की जा सके। इस अवसर पर राजेश रोमन, धीरज सिंह, रजनीश सिंह सहित सभी उद्यमी व संबधित अधिकारी उपस्थित रहे।