मऊ। जिलाधिकारी अमित सिंह वंसल और पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान ने बृहस्पतिवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल के अंदर कोई प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। डीएम ने कारागार में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता को देखा और इसके बाद निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बंदियों का के कोविड टेस्ट के बारे में जानकारी किया। जेल अधीक्षक ने उन्हें बताया कि आज ही 102 कैदियों का कोविड टेस्ट कराया गया। सभी निगेटिव रहे। डीएम और एसपी ने जेल के अंदर सुरक्षा उपकरणों के बारे में जेल अधीक्षक से जानकारी ली और उन्हें देखा।इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जेल की बैरिकों, अस्पताल ,रसोईघर के साथ जेल परिसर का निरीक्षण किया। जेल अधीक्षक ने डीएम को बताया कि जेल में जेलर डिप्टी जेलर, वार्डर से लेकर हेड वार्डर तक के पद खाली हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जेल से दस बड़े अपराधियों को अन्यत्र जेलों में भेजा गया है। कुछ अन्य के बारे में रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जेल अधीक्षक अविनाश गौतम के अनुसार निरीक्षण के दौरान कोई आपत्ति जनक वस्तु नहीं मिली।