जिला कारागार का निरीक्षण कर बाहर निकलते जिलाधिकारी अरूण कुमार और एसपी अविनाश पांडेय।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रसोई घर में विशेष सफाई एवं बंदियों को मेन्यू के हिसाब से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला कारागार में कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कई बंदियों से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण पाए बंदियों से प्रशिक्षण से हुए लाभों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से जेल में मिलने वाली सुविधाओं एवं समस्याओं के बारे में भी पूछा। जिलाधिकारी ने जिला कारागार अधीक्षक को कौशल विकास योजना के तहत होने वाले प्रशिक्षण को जारी रखने एवं इच्छुक पुरुष एवं महिला बंदियों को उनके रूचि के हिसाब से प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए, जिससे उनकी योग्यता का उपयोग हो सके। जिलाधिकारी ने जिला कारागार अधीक्षक को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप जेल में बंदियों को मिलने वाली सारी सुविधाएं अवश्य उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अलावा तहसीलदार सदर संजीव कुमार मौजूद थे।