मऊ। काम कोई भी हो यदि इसको पूरा करने के लिए मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ ही जज्बा भी हो, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। इसे सच कर दिखाया है शहर के सिंधी कॉलोनी निवासिनी 23 वर्षीय मुस्कान तानवानी ने। मुस्कान ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट बेस कैंप नेपाल पर फतह कर जिले को गौरान्वित किया है। मुस्कान तनवानी की उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। माउंट एवरेस्ट को फतह करने को मुस्कान ने ठान रखा था। लक्ष्य को हासिल करने के लिए उसने आठ महीने तक कठिन तैयारी की। बिना किसी कठिनाई के 16दिन में ही दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट बेस कैंप नेपाल पर फतह कर जनपद ही नहीं पूर्वांचल का मान बढ़ाया है। मुस्कान बीकाम से ग्रेजुएट हैं। अब वह एमबीए प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही है। पिता घनश्याम लाल तानवानी व्यवसायी और मां शालिनी देवी गृहिणी हैं। मुस्कान ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। अपनी सफलता पर मुस्कान ने कहा है कि कड़ी मेहनत और अनुशासित होकर तैयारी की जाए तो सफलता मिलनी तय है।